अमरीकी फ़ेडरल कोर्ट ने आदेश दिया है कि ईरानी महिला जो अमरीकी पाबंदियों के कथिन उल्लंघन के इल्ज़ाम में बिना मुक़द्दमे के 2 साल तक ऑस्ट्रेलिया में क़ैद थी, जाने के लिए आज़ाद हैं।
40 साल की नेगार क़ुद्सकानी को जिस समय ऑस्ट्रेलिया की फ़ेड्रल पुलिस ने अमरीका की तरफ़ से 2017 में गिरफ़्तार किया वह गर्भवती थीं। उन पर अमरीका निर्मित इलेक्ट्रॉनिक्स के उत्पाद ख़रीदने पर ईरान के ख़िलाफ़ वॉशिंग्टन की पाबंदियों का उल्लंघन करने का इल्ज़ाम लगा था।
उन्होंने अमरीका प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ लड़ते हुए दक्षिणी आस्ट्रेलिया के एडिलेड में हिरासत में बच्चे को जन्म दिया।
जुलाई 2019 में उन्होंने प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ कोशिश रोक दी और वह अमरीका पहुंची।
मंगलवार को अमरीका के मिनेसोटा राज्य में ज़िला अदालत के जज जोन एरिक्सन ने आदेश दिया कि ईरानी मां जिसे मिनियापोलिस प्रत्यर्पित किया गया था, काफ़ी समय जेल में बिता चुकी हैं।
जज नेगार क़ुद्सकानी के वकील रॉबर्ट रिचमन की इस दलील से सहमत हुए कि वह ऑस्ट्रेलिया और अमरीका में कुल मिलाकर 27 महीने जेल में गुज़ार चुकी हैं।
रिचमन ने कहाः "हमे उम्मीद है कि उन्हें अगले कुछ हफ़्तों में ईरान वापस भेज दिया जाएगा।"